‘खाकी का सितारा’ : उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक गान का पूरा वीडियो जारी

‘खाकी का सितारा’ : उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक गान का पूरा वीडियो जारी

‘खाकी का सितारा’ : उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक गान का पूरा वीडियो जारी
Modified Date: August 18, 2026 / 12:32 am IST
Published Date: August 18, 2026 12:32 am IST

लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक गान ‘खाकी का सितारा’ का 6.5 मिनट का पूरा वीडियो यूट्यूब पर जारी कर दिया गया है।

अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी पुलिस के पोस्ट को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। खाकी का सितारा।”

पुलिस विभाग के अनुसार, यह गान केवल संगीत वीडियो नहीं, बल्कि पुलिस की जिम्मेदारियों और कार्यों के विभिन्न पहलुओं को सामने रखने का प्रयास है। इसमें कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य, जनसेवा और रोजमर्रा की पुलिसिंग को दिखाया गया है।

यह गान एक-दो दिन में तैयार नहीं हुआ, बल्कि इसकी शूटिंग महाकुंभ-2025 से स्वतंत्रता दिवस-2026 तक अलग-अलग अवसरों और परिस्थितियों में की गई। पुलिस के इस आंतरिक रचनात्मक प्रयास को पूरा होने में एक साल से अधिक समय लगा।

गान को अमिताभ बच्चन की आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन के स्वर एवं संगीत और कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्द मिले हैं। अभिनेता करण आनंद ने इसमें पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है।

‘खाकी का सितारा’ की औपचारिक शुरुआत 14 अगस्त को लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी। इस अवसर पर शंकर महादेवन, पद्मश्री नाना पाटेकर, आलोक श्रीवास्तव और करण आनंद समेत फिल्म एवं संगीत जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।

गान में पुलिस की सख्ती के साथ उसकी संवेदनशीलता और जनसेवा को भी प्रमुखता दी गई है। इसका केंद्रीय संदेश है—“सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।”

भाषा जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में