यीडा की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, जेवर हवाईअड्डे के आसपास विकास को मिलेगी गति
यीडा की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, जेवर हवाईअड्डे के आसपास विकास को मिलेगी गति
लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 92वीं बोर्ड बैठक में सोमवार को जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के आसपास औद्योगिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक में सेक्टर-13 और 14 में करीब 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल हब तथा सेक्टर-14 में 480 एकड़ में विश्वविद्यालय नगरी विकसित करने का निर्णय लिया गया। इन परियोजनाओं से चिकित्सा और उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
इसमें कहा गया कि खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित की गई। वहीं, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ में मंडी स्थापित करने का फैसला हुआ।
बयान में कहा गया कि हवाईअड्डे के आसपास बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए भूमि चिह्नित की जाएगी। इससे हवाईअड्डे, औद्योगिक क्षेत्रों और नए विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
बोर्ड ने सेक्टर-छह में 300 एकड़ में ‘ताइवान सिटी’ विकसित करने तथा करीब 100-125 एकड़ में मेडिकल हब के लिए भूमि आरक्षित करने को भी मंजूरी दी। चिकित्सकीय उपकरणों की जांच के लिए मेडिकल डिवाइस पार्क में विशेष सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।
इसके अलावा किसानों की सहमति से भूमि खरीद की दर 4,300 से बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का निर्णय लिया गया।
भाषा जफर खारी
खारी

Facebook


