केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया : आदित्‍यनाथ

Ads

केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया : आदित्‍यनाथ

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 01:34 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 01:34 PM IST

देवरिया (उप्र), 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन उन्होंने देश की राजधानी को बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया।

शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में दान के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज प्राथमिकी को ‘धोखा’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में सिर्फ़ निचले स्तर के कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ‘बड़े लोगों’ को बचाया जा रहा है।

देवरिया में एक सभा में केजरीवाल पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”दिल्‍ली से भी आज एक सज्‍जन (अरविंद केजरीवाल) वहां (अयोध्या) आए हैं और मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन दिल्‍ली को उन्होंने बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया।”

योगी ने कहा, ”आज मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि अयोध्‍या को डबल इंजन सरकार ने नौ वर्षों में जो सजाया है, संवारा है, देखिए इस मॉडल को और फिर अपने कारनामों पर पश्चाताप करो।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”जैसा न्याय अयोध्या के साथ डबल इंजन की भाजपा सरकार ने किया है, अगर यही न्‍याय आम आदमी पार्टी (आप) दिल्‍ली के साथ करती तो दिल्ली भी चमकती, जैसे आज अयोध्या धाम चमक रहा है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”आज अयोध्या चमक रही है। चारों ओर फोर लेन की कनेक्टिविटी है, अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी है। अयोध्या में यात्री विश्रामालय निषाद राज के नाम पर बने हैं। भगवान राम ने वन में 14 वर्ष के वनवास के कालखंड के दौरान माता शबरी के बेर खाये थे, इसलिए अयोध्या धाम में माता शबरी के नाम पर रसोई बन रही है।”

उन्होंने कहा, ”भगवान राम के साथ हम सबको जोड़ने का कार्य त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि ने सबसे पहले किया और अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है।”

योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि मंदिर के दान में कथित गबन के मामले को लेकर कहा, ”हमने कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के साथ ही हमारी कार्रवाई भी प्रारंभ हो जाएगी और आपने देखा कि एसआईटी की रिपोर्ट आई और तुरंत कार्रवाई प्रारंभ हो गई।”

भाषा आनन्‍द

वैभव

वैभव