लखनऊ, 22 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य की राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इमारत में भीषण आग लगने की सूचना मिलने के बाद अपना अलीगढ़ का दौरा बीच में ही छोड़कर लखनऊ लौट आये।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ के अलीगंज इलाके में तीन मंजिल की एक इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम 12 छात्रों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है।
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलने पर सोमवार शाम अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही निरस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ही इस हादसे की जानकारी मिली, इसके तत्काल बाद मुख्यमंत्री राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हो गये।
उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में आयोजित लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसमूह से कहा, ”मेरी इच्छा थी कि यहीं रहूं लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है और कुछ बच्चे अग्निकांड की चपेट में आए हैं। इसमें कुछ बच्चों की दुखद मौत हो गई है। प्रशासन राहत कार्यों में लगा है। मुझे भी इस दुखद घटना के कारण तत्काल वापस लखनऊ जाना पड़ रहा है।”
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री ने घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिये और इस अग्निकांड में अपने अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की।
आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) मौके पर जाकर घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर भी घटना पर दुख जताया।
उन्होंने लिखा, ”लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
भाषा आनन्द सलीम धीरज
धीरज