बुलंदशहर (उप्र), 16 जून (भाषा) बुलंदशहर जिले के एक गांव में कथित तौर पर अपनी महिला मित्र से मिलने गए एक युवक की महिला के पति और उसके परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना बीबी नगर थाना क्षेत्र के चित्सौना अलीपुर गांव की और मृतक की पहचान अवधेश (35) के रूप में हुई है।
स्याना के पुलिस क्षेत्राधिकारी रामकरन ने बताया कि सोमवार को इस घटना की सूचना मिली थी।
पुलिस के अनुसार, 14 जून को अवधेश अपनी महिला मित्र से मिलने चित्सौना अलीपुर गांव गया था। दोनों को बातचीत करते महिला के पति ने देख लिया, जिसके बाद विवाद हो गया।
उसने बताया कि आरोप है कि महिला के पति और उसके परिजनों ने अवधेश के साथ जमकर मारपीट की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल अवधेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।
उन्होंने बताया कि अवधेश के परिजनों ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अवधेश के साथ मारपीट की गई और उसे जहरीला पदार्थ भी दिया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
रामकरन ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी