गाजियाबाद, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम क्षेत्र में एक क्लीनिक में कथित तौर पर चोरी के प्रयास के दौरान शटर और दीवार के बीच फंसे एक नाबालिग किशोर को दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के अभय खंड स्थित एक क्लीनिक में हुई, जब नाबालिग ने शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। बाहर निकलने के दौरान वह शटर और दीवार के बीच संकरी जगह में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन फंस गई और वह बाहर नहीं निकल सका।
काफी देर तक संघर्ष करने के बाद किशोर ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से शटर खोलकर उसे शनिवार दोपहर करीब दो बजे बाहर निकाला।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि नाबालिग को पुलिस के हवाले कर दिया गया और उसे संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, यह किशोर बिहार का रहने वाला है और चोरी के प्रयास के समय की स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। क्लीनिक संचालक डॉ. पवन शर्मा ने अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जब तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं होती, तब तक किशोर को बाल गृह में नहीं भेजा जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत