अधिक मास में ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 दिन में 6.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे मथुरा
अधिक मास में ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 दिन में 6.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे मथुरा
मथुरा (उप्र), 16 जून (भाषा) पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के दौरान ब्रज के तीर्थस्थलों की परिक्रमा और दर्शन-पूजन के लिए देश-विदेश से 6.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु मथुरा पहुंचे। महज 30 दिन की अवधि में श्रद्धालुओं की यह संख्या पिछले कई वर्षों के वार्षिक आंकड़ों के करीब पहुंच गई।
आधिकारिक ने बताया कि सर्वाधिक लगभग तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा पूरी की। वहीं, 2.50 करोड़ से अधिक तीर्थयात्रियों ने गोवर्धन के गिरिराज पर्वत की सात कोस की परिक्रमा की जिनमें बड़ी संख्या स्थानीय श्रद्धालुओं की भी रही।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मथुरा और वृंदावन की परिक्रमा भी की। इसके अलावा राधारानी के दरबार बरसाना में भी श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। लगभग एक करोड़ भक्तों ने बरसाना की परिक्रमा कर लाड़लीजी मंदिर में दर्शन किए।
इस वर्ष 17 मई से 15 जून तक चले अधिक मास के दौरान मात्र 30 दिन में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से जिला प्रशासन की व्यवस्थाएं कई बार प्रभावित हुई। इसके बावजूद, छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद रावत ने बताया कि केवल ग्रामीण क्षेत्र में ही 6.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन किए और परिक्रमा की।
उन्होंने बताया कि 2025 में पूरे वर्ष के दौरान 9.55 करोड़, 2024 में 8.35 करोड़ और 2023 में 7.90 करोड़ श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचे थे।
रावत ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पुलिस बल के अतिरिक्त 25 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक तथा 350 से अधिक आरक्षियों को परिक्रमा मार्गों पर तैनात किया गया था और यातायात प्रबंधन के लिए 88 स्थानों पर अवरोधक लगाकर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने कहा कि भविष्य में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिक्रमा मार्गों पर नयी पुलिस चौकियां और ‘पुलिस सहायता केंद्र’ स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार स्वयं समय-समय पर परिक्रमा मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
इसके अलावा आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शैलेंद्र कुमार पांडेय भी नियमित रूप से मथुरा का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करते रहे।
भाषा सं आनन्द मनीषा खारी
खारी

Facebook


