लखनऊ, 11 जुलाई (भाषा) चालू मानसून मौसम के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब तक सामान्य बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 29 जिलों में बारिश सामान्य रही, 10 जिलों में अधिक बारिश दर्ज की गई जबकि 21 जिलों में कम बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी नवीनतम आंकड़े के अनुसार, इस मौसम में अब तक किसी भी जिले में बहुत अधिक या बहुत कम वर्षा की सूचना नहीं है।
वर्षा वितरण से संकेत मिलता है कि अधिकांश जिलों में लगभग सामान्य मानसून वर्षा हुई है, हालांकि 21 जिलों में वर्षा की कमी बनी हुई है।
आईएमडी के वर्षा संबंधी आंकड़ों से पता चलता है कि शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में सबसे अधिक वर्षा सोनभद्र जिले में 85.4 मिमी दर्ज की गई, इसके बाद मिर्ज़ापुर में 75.2 मिमी, चंदौली में 70.6 मिमी, वाराणसी में 64.4 मिमी और संत कबीर नगर में 61.4 मिमी दर्ज की गई।
पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी मध्यम से भारी वर्षा हुई, जिससे राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश के जारी रहने के पूर्वानुमान को बल मिला है।
आईएमडी ने रविवार को पूरे उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।
मौसम कार्यालय ने रविवार को राज्य की राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 डिग्री सेल्सियस और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भाषा जफर संतोष
संतोष