बरेली में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में मां-बेटी गिरफ्तार

Ads

बरेली में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में मां-बेटी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 03:35 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 03:35 PM IST

बरेली (उप्र), 24 फरवरी (भाषा) बरेली के इज्जतनगर इलाके में एक महिला ने घरेलू विवाद में बेटी के साथ मिलकर अपने पति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी रेखा (46) और उसकी बेटी पिंकी (30) को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि बालकराम (45) रविवार को वह अपने भतीजे की शादी से पहले के एक समारोह में गए थे, जहां उन्होंने कथित रूप से शराब पी थी।

सिंह ने बताया कि घर लौटने के बाद उनका अपनी पत्नी और बेटी से विवाद हो गया जिसके बाद दोनों ने डंडों से पीट-पीटकर बालकराम की कथित तौर पर हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों ने घटना को छिपाने की कोशिश की और किसी को इसकी सूचना नहीं दी।

थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती शिकायत में बताया गया था कि बालकराम सीढ़ियों से गिर गए थे, लेकिन पोस्टमार्टम में उनके शरीर पर चोट के करीब 15 निशान मिले।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि उनकी मौत सदमे और अत्यधिक खून बहने से हुई।

इन तथ्यों के आधार पर सोमवार को रेखा और पिंकी को हिरासत में लिया गया और बालकराम के एक रिश्तेदार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडे भी बरामद कर लिए हैं। दोनों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

भाषा सं जफर मनीषा खारी

खारी