नमाज विवाद: एबीवीपी ने लखनऊ विश्वविद्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया

Ads

नमाज विवाद: एबीवीपी ने लखनऊ विश्वविद्यालय में हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 04:02 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 04:02 PM IST

लखनऊ, 24 फरवरी (भाषा) लखनऊ विश्वविद्यालय में मंगलवार को स्थिति उस समय तनाव पूर्ण हो गई जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सदस्य परिसर स्थित लाल बारादरी मस्जिद के पास हाल में नमाज अदा किए जाने के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए एकत्र हुए। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।

अधिकारियों के अनुसार, एबीवीपी कार्यकर्ता लाल बारादरी क्षेत्र के पास एकत्र हुए और परिसर के अंदर समूहों में मार्च करते हुए “जय श्री राम” के जयकारे लगाए।

वीडियो में पुलिस को प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते देखा गया।

बाद में प्रदर्शनकारी मस्जिद के सामने सड़क पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। उन्होंने उस स्थान के “शुद्धिकरण” की मांग की, जहां कुछ दिन पहले कथित रूप से नमाज अदा की गई थी।

पुलिस ने हस्तक्षेप कर कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। उन्हें परिसर में खड़ी एक बस में बैठाया गया और बाद में पुलिस लाइन ले जाया गया। वीडियो में कुछ लोगों को सुरक्षाकर्मियों द्वारा परिसर से बाहर ले जाते भी देखा गया।

विश्वविद्यालय में मौजूद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “फिलहाल हम स्थिति को संभाल रहे हैं। अग्रिम कार्रवाई के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।”

लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर राकेश द्विवेदी ने कहा, “हम छात्रों से बातचीत कर रहे हैं और मामले का समाधान करेंगे।”

नमाज विवाद पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हमने इस संबंध में सारी जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस नमाज अदा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने जा रही है, उन्होंने कहा, “यह पुलिस का विषय है। हमने इस मुद्दे पर अपना पक्ष लिखित रूप में पुलिस को दे दिया है।”

यह विरोध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के सदस्यों द्वारा किए गए प्रदर्शन के एक दिन बाद हुआ। एनएसयूआई ने आरोप लगाया था कि विश्वविद्यालय के अंदर वह स्थान बंद कर दिया गया है, जहां मुस्लिम छात्र वर्षों से नमाज अदा करते रहे हैं।

एनएसयूआई की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने दावा किया था कि विश्वविद्यालय परिसर स्थित लाल बारादरी मस्जिद पर शनिवार को ताला लगा दिया गया।

उन्होंने कहा कि रविवार शाम मुस्लिम छात्रों ने वहां नमाज अदा की, जबकि एनएसयूआई स्वयंसेवक उनकी सुरक्षा में मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम छात्र मस्जिद में नमाज अदा करते हैं, जबकि हिंदू छात्र गेट नंबर एक के पास स्थित मंदिर में पूजा करते हैं।

एबीवीपी के एक पदाधिकारी ने पहले चेतावनी दी थी कि यदि विश्वविद्यालय परिसर में नमाज की अनुमति दी गई तो वे भी वहां हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए मंगलवार को परिसर में पुलिस की तैनाती रही।

वीडियो में युवाओं के समूहों को विश्वविद्यालय परिसर में मार्च करते हुए तथा विभिन्न स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाते देखा गया।

भाषा किशोर जफर मनीषा खारी

खारी