लखनऊ, 11 मार्च (भाषा) नोबेल पुरस्कार प्राप्त कॉन्स्टेंटिन नोवोसेलोव ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
इस दौरान लोहम कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजत वर्मा और कंपनी के ‘चीफ ऑफ स्टॉफ’ आयुष सबात भी मौजूद रहे।
राज्य सरकार के एक बयान के मुताबिक तीनों अतिथियों ने निवेश के लिए उत्तर प्रदेश के सकारात्मक माहौल की सराहना की।
बयान के अनुसार बैठक में उत्तर प्रदेश को देश में उन्नत सामग्री अनुसंधान और अभियांत्रिकी का प्रमुख केंद्र बनाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस क्रम में उत्तर प्रदेश में भारत की पहली “रेयर अर्थ टू मैग्नेट” एकीकृत केंद्र स्थापित करने की लोहम की योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के स्थापित होने से देश में उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रैफीन की खोज के लिए पूरी दुनिया में अलग पहचान बनाने वाले नोबेल पुरस्कार प्राप्तकर्ता कोंस्टेंटिन नोवोसेलोव लोहम कंपनी के साथ ‘स्ट्रैटेजिक एडवाइजर’ और सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य उन्नत ‘मटेरियल साइंस’ को औद्योगिक स्तर पर बैटरी तकनीक और ऊर्जा क्षेत्र में लागू करना है।
भाषा सलीम
राजकुमार
राजकुमार