काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिए मस्जिद खाली करने का नोटिस

काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिए मस्जिद खाली करने का नोटिस

काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिए मस्जिद खाली करने का नोटिस
Modified Date: June 18, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: June 18, 2026 5:18 pm IST

वाराणसी, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में काशी रेलवे स्टेशन परिसर के विस्तार के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के मुख्य द्वार पर स्थित गंज शहीदा मस्जिद को खाली करने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस चस्पा किया है।

वहीं, मस्जिद की देखरेख करने वाली संस्था इंतजामिया मस्जिद कमेटी ने रेलवे के नोटिस को अवैध करार दिया है।

कैंट स्टेशन के अधीक्षक अर्पित गुप्ता ने कहा, “काशी स्टेशन के विस्तार और प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए आसपास की रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक है। इसी वजह से विभिन्न स्थलों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।”

गुप्ता ने बताया कि रेलवे और जिला प्रशासन ने इससे पहले भी काशी रेलवे स्टेशन के आसपास अतिक्रमण हटाया था।

उन्होंने बताया कि काशी रेलवे स्टेशन के राजघाट क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर और अजमेर शहीद मस्जिद को प्रशासन और रेलवे की संयुक्त कार्रवाई के तहत हटाया जा चुका है।

गुप्ता ने बताया कि काशी रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर स्थित गंज शहीदा मस्जिद को 20 जून तक खाली करने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस चस्पा किया गया है।

इंतजामिया मस्जिद कमेटी के सचिव मोहम्मद यासीन ने रेलवे के नोटिस को अवैध करार देते हुए कहा कि इस पर न तो तारीख है, न ही दस्तखत है और न ही रेलवे का कोई लोगो लगा है।

यासीन ने आरोप लगाया कि अगर रेलवे ने नोटिस चस्पा किया है, तो वह कानून-व्यवस्था बिगड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि रेलवे ने अदालत में दायर शपथपत्र में मस्जिद की मिल्कियत मुसलमानों की बताई है।

यासीन ने कहा, “हम नोटिस को अदालत में चुनौती देंगे। हमारे पास 1980 का नक्शा है, जिसमें मस्जिद साफ दिखाई दे रही है।”

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में