बलिया में बिजली विभाग के उपभोक्ता से जालसाजी करने के आरोप में जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

बलिया में बिजली विभाग के उपभोक्ता से जालसाजी करने के आरोप में जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार

बलिया में बिजली विभाग के उपभोक्ता से जालसाजी करने के आरोप में जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार
Modified Date: February 28, 2026 / 07:45 pm IST
Published Date: February 28, 2026 7:45 pm IST

बलिया, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने बिजली विभाग के एक उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में विभाग से अनुबंधित एक

उपभोक्ता जनसेवा केंद्र के संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार जिले के नगरा थाना में विद्युत उप केंद्र, सलेमपुर के अवर अभियंता जय प्रकाश यादव की तहरीर के आधार पर उपभोक्ता जनसेवा केंद्र के संचालक दीपक राव के विरुद्ध शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि लल्लन राजभर नामक एक उपभोक्ता ने बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत दीपक राव को 15 हजार रुपये जमा करने के लिए दिए थे।

दीपक राव द्वारा दो हजार रुपये का पंजीकरण कर दिया गया और शेष राशि जमा नहीं की गई। कंप्यूटर द्वारा कूट रचित तरीके से 15 हजार रुपये की फर्जी रसीद दे दी गई। शुक्रवार को उपभोक्ता जब बिजली उपकेंद्र पर आया, तब मामले का खुलासा हुआ।

थाना प्रभारी संजय मिश्र ने बताया कि पुलिस ने आज आरोपी को भिटकुना मोड के समीप से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा है कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में