लखनऊ, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि सरकार ने बढ़ते तापमान और प्रचंड गर्मी के दुष्प्रभावों से नागरिकों को बचाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को प्रदेशवासियों को लिखे एक पत्र को ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि शासन के हर स्तर पर समन्वित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। प्रदेशवासियों से अपील है कि गर्मी में सतर्क रहें और लापरवाही न करें।
आदित्यनाथ ने कहा ‘‘ मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, प्रकृति के स्वभाव के अनुरूप हर मौसम की तरह ग्रीष्म ऋतु आई है। बढ़ता तापमान हमें इसके दुष्प्रभावों से बचने तथा अपनी तैयारियां पूरी करने का संदेश दे रहा है।’’
संदेश में कहा गया है कि हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है, इसलिए सरकार ने कड़कड़ाती ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की भी तैयारी कर ली है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपना और अपनों का ख्याल रखें, विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों का। मुख्यमंत्री ने लोगों को घर से बाहर निकलते समय सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनने की सलाह दी, ताकि लू और गर्मी से बचाव हो सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना दिखाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि गर्मी में बेजुबानों को पानी न मिलने से उनकी जान को खतरा रहता है इसलिए नागरिकों से आग्रह है कि वे छायादार जगह पर मिट्टी के बर्तन में पानी भरकर रखें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का अंदेशा हो।
भाषा आनन्द वैभव शोभना
शोभना