मथुरा, 19 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश की तीन दिवसीय यात्रा पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या के बाद बृहस्पतिवार को मथुरा पहुंचीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू यहां मंदिरों में दर्शन करेंगी और कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति बृहस्पतिवार शाम कैंट हेलीपैड पहुंचीं, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रदेश के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुर्मू वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर में दर्शन करेंगी और आरती में भी शामिल होंगी, इसके बाद वह प्रेम मंदिर जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि 20 मार्च को राष्ट्रपति श्री प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम के साथ-साथ वृंदावन में बाबा नीब करौरी की समाधि पर जाएंगी और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।
मुर्मू वृंदावन में उड़िया बाबा आश्रम और देवनाल कुंड भी जाएंगी।
राष्ट्रपति शुक्रवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑनकोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी और वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी।
अगले दिन 21 मार्च को मुर्मू गोवर्धन में दंघाटी मंदिर में दर्शन कर आरती में शामिल होंगी।
इसके बाद वह गोवर्धन की परिक्रमा करेंगी।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र