राहुल की ओर से प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल शब्द उनकी ‘मानसिक दिवालियापन’ का संकेत : भाजपा नेता

Ads

राहुल की ओर से प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल शब्द उनकी ‘मानसिक दिवालियापन’ का संकेत : भाजपा नेता

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 04:22 PM IST

लखनऊ, 20 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणियों को लेकर बुधवार को कड़ी प्रतिक्रिया दी और इन्हें उनकी ‘मानसिक दिवालियापन’ का संकेत करार दिया।

कांग्रेस नेताओं ने हालांकि राहुल गांधी का समर्थन किया और दावा किया कि भाजपा महंगाई, रोजगार और किसानों की बेचैनी जैसे शासन के मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

राहुल गांधी ने बुधवार को अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को ‘‘देशद्रोही’’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) हर दिन ‘संविधान पर हमला’ कर रहे हैं और चुनिंदा उद्योगपतियों को ‘‘देश के हितों को बेच दिया है’’।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और भाजपा नेता नीरज सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल न केवल राजनीतिक अपरिपक्वता को इंगित करती है, बल्कि मानसिक दिवालियापन का भी संकेत देती है। मुझे लगता है कि कांग्रेस नेतृत्व आज बेनकाब, परेशान और बहुत हताश है। यह उनकी भाषा में भी झलक रहा है और अगर उनमें कोई समझदारी बची है, तो उन्हें तुरंत बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी और उनकी मंडली के बयान इतने घटिया हैं कि अगर अदालत ऐसे लापरवाह बयानों पर स्वत: संज्ञान ले तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा।’’

इस बीच कांग्रेस ने गांधी का बचाव किया।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘‘क्या यह सच नहीं है कि देश के हितों पर आघात हुआ है। पिछले कुछ वर्षों में जब से मोदी की भाजपा केंद्र की सत्ता में आई है तब से देश को भारी नुकसान हुआ है?’’

उन्होंने भाजपा पर प्रमुख मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

राय ने कहा, ‘‘उनका गेम प्लान बढ़ती बेरोजगारी, किसान अशांति, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाना है।’’

भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘उनके शब्द और भाव भंगिमा से ज्ञात होता है कि कांग्रेस पार्टी कितनी खराब स्थिति में है। वह एक आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ कई अदालती मामले हैं। देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा कि नेता विपक्ष ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें। राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को इसका परिणाम भुगतना होगा।’’

भाषा मनीष जफर धीरज

धीरज