दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने ग्रामीणों पर घर के दरवाजे तोड़ने का आरोप लगाया
दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने ग्रामीणों पर घर के दरवाजे तोड़ने का आरोप लगाया
शाहजहांपुर, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कथित घटना के बाद उसके परिजनों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए ग्रामीणों के उनके घर का दरवाजा तोड़ने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की मां ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इस घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग आरोपी गुड्डू शर्मा के घर जा रहे हैं, जबकि न्याय की हमारी मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसके उलट, ग्रामीणों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए हमारे घर के दरवाजे तोड़ दिए हैं।”
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने घर के दरवाजे तोड़े जाने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाए जाने की सूचना पुलिस को दी है, बच्ची की मां ने कहा, “पूरा परिवार बहुत डरा हुआ है। हमें परिवार के साथ कुछ अनहोनी होने का डर है। इसलिए हमने पुलिस को सूचना नहीं दी।”
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि पीड़िता और आरोपी की चिकित्सीय रिपोर्ट उन्हें प्राप्त हुई है, जिसमें आरोपी के निजी अंग में चोट लगी होने की बात कही गई है।
दीक्षित ने बताया कि इससे पहले गिरफ्तारी के समय भी आरोपी गुड्डू ने स्वीकार किया था कि उससे गलती हुई है और वह आगे से ऐसा नहीं करेगा।
पुलिस ने नौ जून को घटी कथित घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। घटना के दो दिन बाद ग्राम प्रधान के बेटे शोभित ने ग्रामीणों को कथित तौर पर भड़का दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया और एक पुलिस वाहन को पलटने का प्रयास किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
भाषा पारुल
पारुल

Facebook


