मथुरा (उप्र), 22 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत क्षेत्रीय प्रांत प्रचारकों के साथ बातचीत करने और संगठन के साथ अधिक लोगों को जोड़ने की योजना बनाने के लिए मंगलवार को मथुरा पहुंचे।
संघ के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भागवत कड़ी सुरक्षा के बीच बैठक स्थल केशव धाम वृन्दावन पहुंचे। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संघ कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहले ही केशव धाम पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भागवत बुधवार को शुरू होने वाली इस तीन दिवसीय बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में संगठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर सकते हैं।
संघ प्रमुख के नेतृत्व में दोनों राज्यों के क्षेत्रीय प्रांत प्रचारकों की बैठक में तीन दिन में छह सत्रों में एजेंडे पर चर्चा होगी।
बैठक में संगठन के दर्शन से अधिक लोगों को कैसे जोड़ा जाए इस पर चर्चा होने की संभावना है।
भाषा सं सलीम रंजन
रंजन