शिवपाल का एसआईआर के दौरान मतदान कर्मियों को धमकाने, ‘पीडीए मतदाताओं’ के नाम हटवाने का आरोप

Ads

शिवपाल का एसआईआर के दौरान मतदान कर्मियों को धमकाने, 'पीडीए मतदाताओं' के नाम हटवाने का आरोप

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 06:35 PM IST

इटावा (उप्र), चार फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि इटावा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को डराया-धमकाया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि ऐसा ‘पीडीए’ वर्ग के मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची से हटवाने के लिए किया गया।

यादव ने जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला से मुलाकात की और यह मुद्दा उठाया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, सपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता बीएलओ को धमका रहे हैं और फॉर्म 7 का गलत इस्तेमाल करके अल्पसंख्यकों और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) समुदायों के वोट कटवाने की कोशिश कर रहे हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता सूची से किसी मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरा जाता है।

यादव ने कहा कि जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी बीएलओ, बूथ-लेवल एजेंट (बीएलए) या किसी अन्य व्यक्ति को फिर से धमकाया गया, तो समाजवादी पार्टी जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा, ‘अगर ऐसे काम जारी रहे, तो हम यहीं से अपना आंदोलन शुरू करेंगे।’

भाषा सं जफर नोमान

नोमान