बिजनौर (उप्र), 13 मार्च (भाषा) बिजनौर के चांदपुर में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने के बाद स्कूल से निकलीं छह छात्राएं लापता हो गईं। हालांकि बाद में उन्हें बरामद कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बिजनौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम चांदपुर में परीक्षा केन्द्र से संस्कृत की अंतिम परीक्षा के बाद आस पास के गांव की छह छात्राएं लापता हो गई थीं।
उन्होंने बताया कि छात्राओं की तलाश के लिए 11 टीम गठित की गई थीं, सभी को शुक्रवार शाम हरिद्वार से बरामद कर लिया गया है।
झा ने कहा कि छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे आगे की पढ़ाई के लिए यहां आईं थीं। उन्होंने हरिद्वार के रोशनाबाद में तीन हजार रुपये माह पर कमरा भी ले लिया है।
एसपी ने कहा कि उनकी योजना काम करने के साथ पढ़ाई करने की है।
इससे पहले चांदपुर थाने के प्रभारी अमित कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की संस्कृत की अंतिम परीक्षा थी।
उन्होंने कहा कि चांदपुर और हीमपुर क्षेत्र की छह छात्राएं प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद घर नहीं पहुंचीं तो परिजन ने काफी तलाश के बाद देर शाम पुलिस में तहरीर दी।
पुलिस के अनुसार छात्राओं की गुमशुदगी का मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की।
भाषा सं जफर आनन्द जोहेब
जोहेब