प्रतापगढ़, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दवा लाइसेंस हासिल कर उसका इस्तेमाल अवैध रूप से कोडीन युक्त कफ सिरप का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि आरोपी आयुष प्रताप सिंह उर्फ सिंह आयुष प्रताप विनोद, निवासी जौनपुर, को महेशगंज थाना क्षेत्र के लालापुर बड़ी नहर के पास स्थानीय पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में 16 दिसंबर 2025 को औषधि निरीक्षक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने एक मेडिकल फर्म के नाम से जारी दवा बिक्री लाइसेंस का दुरुपयोग कर बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप खरीदा।
पुलिस ने बताया कि जांच में लाइसेंस में दर्ज पते पर कोई मेडिकल स्टोर संचालित नहीं पाया गया। साथ ही खरीदी गई दवाओं का भौतिक सत्यापन नहीं हो सका और न ही उनकी बिक्री से संबंधित कोई रिकॉर्ड मिला।
जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण, फर्जी बिलिंग और सीमापार आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है।
इस व्यापक जांच के तहत अब तक 128 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, सैकड़ों दवा लाइसेंस रद्द किए गए हैं और बड़ी संख्या में अवैध कफ सिरप की शीशियां जब्त की गई हैं।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत