सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश को बदहाल करने का महापाप किया : स्‍वतंत्र देव

Ads

सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश को बदहाल करने का महापाप किया : स्‍वतंत्र देव

  •  
  • Publish Date - August 30, 2021 / 05:25 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:52 PM IST

बरेली (उप्र) 30 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और बसपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश को अपराध और अपराधियों के हवाले कर दिया था और इन दोनों दलों ने भय, आतंक, भ्रष्टाचार, जातिवाद, तुष्टीकरण और राजनीति का अपराधीकरण करके उत्तर प्रदेश को बदहाल करने का महापाप किया है।

सोमवार को बरेली दौरे पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नैनीताल रोड स्थित पटेरी फार्म में किसानों के मामले को लेकर सिख समाज के साथ बैठक की और श्री रामलीला प्रांगण में कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया। सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया है कि किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले में दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाएगा और बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान भी जल्द कराया जाएगा। बसपा नेताओं के मंदिर जाने और ब्राह्मण वोट बैंक को साधने पर निशाना साधते हुए देव ने कहा कि छिपकर टीका लगवाने वाले नेता अब मंदिर जाकर पूजा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बिना अपराधियों के चार कदम भी नहीं चल सकती है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस के गठजोड़ से बनी प्रदेश की भय, भूख, भ्रष्टाचार की छवि को बदलने का काम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने किया है।

कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा , ‘‘ मजबूत बूथ समितियों की संरचना ही भारतीय जनता पार्टी की विजय का आधार है। पार्टी के जिम्मेदार लोग बूथ समितियों के सत्यापन कार्य में जुटकर 2022 में पार्टी की ऐतिहासिक विजय का आधार तैयार कर रहे हैं। मजबूत बूथ समितियों के निर्माण से बूथ विजय का संकल्प पूर्ण होगा। ’’

प्रदेश अध्यक्ष ने बहेड़ी विधान सभा के गांव बंजरिया शक्ति केंद्र के बूथ 22, 23, 24 का सत्यापन किया।उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार