लखनऊ, 29 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा ने हमेशा कुछ परिवारों, कुछ चेहरों और कुछ खास वर्गों के हित को ही प्राथमिकता दी।
सपा प्रमुख ने अखिलेश यादव द्वारा नोएडा की जनसभा में दिए गए भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पंकज चौधरी ने कहा, “अखिलेश यादव का पूरा भाषण झूठ, भ्रम, हताशा और समाज को बांटने की राजनीति का दस्तावेज़ था।”
उन्होंने कहा, “जनता ने 2017 में सपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति को नकार दिया था और 2027 में भी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सलेक्ट करने और सपा को रिजेक्ट करने को तैयार बैठी है।”
उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट पर समाजवादी पार्टी श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है। यदि समाजवादी पार्टी इतनी ही विकासवादी होती तो उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश निवेश, बुनियादी ढांचा और कानून व्यवस्था में पिछड़ा क्यों रहा।
उन्होंने अखिलेश यादव के “एटीएम”, “जुमला” और “झूठ” जैसे बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में भ्रष्टाचार, भूमि घोटाले, भर्ती घोटाले, गुंडागर्दी और संरक्षणवाद का एटीएम चौबीसों घंटे चलता था, उन्हें नैतिकता पर भाषण देने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।
भाषा आनन्द रंजन
रंजन