अब आजीविका के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा, विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे : योगी आदित्यनाथ

Ads

अब आजीविका के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा, विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे : योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 06:50 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 13 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि एक समय बाढ़ की त्रासदी और ‘कनेक्टिविटी’ के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे, आजीविका के लिए उन्हें विदेश जाना पड़ता था, लेकिन अब विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे।

योगी ने शनिवार को यहां गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार में 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 319 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा,‘‘यह धरा मां सरयू के आंचल में है। यहां के नौजवानों ने हर जगह अपनी प्रतिभा एवं परिश्रम का लोहा मनवाया है। एक समय बाढ़ की त्रासदी और कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे। ’’

उन्‍होंने कहा कि आजीविका के लिए उन्हें विदेश जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें बाहर नहीं जाना होगा, उन्हें यहीं रोजगार के ढेर सारे अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘अब आपके द्वारा चुने गये विधायक-सांसद डबल इंजन सरकार की ताकत का इस्तेमाल करते हुए विदेश के लोगों को चिल्लूपार में काम करने का अवसर देने जा रहे हैं। विदेशी लोग यहां आकर चाकरी करेंगे।’’

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकास एवं विरासत की यात्रा के साथ चिल्लूपारवासी बिना रुके-बिना झुके निरंतर आगे बढ़ेंगे।

योगी ने कहा,‘‘हम लोगों ने धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी का प्लांट लगवाया। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण दुनिया में संकट है, लेकिन सीएनजी-एथेनॉल के कारण हमारे यहां काम बंद नहीं हुआ। ऊर्जा में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना हो गई है। वहां 100 रुपये की वस्तु 400 रुपये में मिल रही है, लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रित है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का सीएनजी प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) आ पाएगा, अब सरकार यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रही है।

योगी ने कहा कि अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं, जिन्हें सरकार को उद्योग के रूप में स्थापित करना है।

योगी के अनुसार धुरियापार में सीमेंट की फैक्टरी लगने जा रही है, विद्युत संयंत्र, आधुनिक पेंट व अत्याधुनिक डिस्टलरी भी स्थापित होगी, जहां मॉडर्न मेडिसिन, एलोपैथिक दवा भी बनेगी।

उन्होंने कहा कि यहां भारी पैमाने पर निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं।

योगी ने कहा कि जो लोग आस्था-महापुरुषों को सम्मान, विकास की योजनाएं, नौजवान को रोजगार, उद्योग-धंधे नहीं ला सकते, बेटी-बहन को सुरक्षा, बाढ़ की समस्या का समाधान और सड़कों का निर्माण नहीं कर सकते, ऐसे लोगों को नहीं चुनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब आप गलत व्यक्ति को चुनते हैं तो आप अपने ऊपर बोझ एवं कलंक का ठप्पा लगाते हैं।

उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ यही होता था, गलत लोग चुनकर जाते थे तो जनता का पैसा कुछ लोगों के ही विकास में लगता था।

पूर्ववर्ती सरकारों पर कटाक्ष करते हुए योगी ने कहा कि 2017 के पहले युवा नौकरी एवं रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाता था तो पहचान का संकट होता था।

उन्होंने कहा, ‘‘लोग चिल्लूपार, आजमगढ़, मऊ के नाम पर नौकरी नहीं देते थे। किसी उद्योग में काम करने गए तो योग्यता होने पर भी यूपी का नाम सुनकर लोग कहते थे कि वहां का साया न पड़ने पाए। उस समय यहां दंगा, कर्फ्यू, अव्यवस्था, माफियागिरी, अराजकता थी। लेकिन, आज लोग बाहर जाकर बताएंगे कि गोरखपुर-चिल्लूपार से आए हैं तो सामने वाला 10 कदम आगे आकर गले मिलेगा। यह विकास की यात्रा की नई पहचान है।’’

भाषा आनन्‍द

राजकुमार

राजकुमार