भदोही में पुस्तकालय के शौचालय में करंट लगने से छात्रा की मौत, मामला दर्ज

भदोही में पुस्तकालय के शौचालय में करंट लगने से छात्रा की मौत, मामला दर्ज

भदोही में पुस्तकालय के शौचालय में करंट लगने से छात्रा की मौत, मामला दर्ज
Modified Date: August 18, 2026 / 10:55 am IST
Published Date: August 18, 2026 10:55 am IST

भदोही (उप्र), 18 अगस्त (भाषा) भदोही जिले में पुस्तकालय के शौचालय में जमीन पर बिखरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक छात्रा की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि सुरियावां थाना क्षेत्र के बैरी परवा स्थित एक पुस्तकालय के शौचालय में सोमवार दोपहर जमीन पर बिखरे बिजली के तार की चपेट में आने से काजल बिंद (18) नामक छात्रा की करंट लगने से मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में छात्रा के पिता अवधेश कुमार बिंद की शिकायत पर पुस्तकालय के संचालक नागेंद्र कुमार बिंद के खिलाफ सोमवार रात मामला दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि बिना पंजीकरण के संचालित किये जा रहे पुस्तकालय के शौचालय में बिजली के तार लापरवाही से फैले हुए थे, जिनमें करंट उतरने से उनकी बेटी की मौत हुई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद काजल बिंद की मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।

भाषा सं सलीम सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में