मेरठ में आर्थिक मदद मांग रही सीरियाई महिला से पूछताछ, दस्तावेज सत्यापन के बाद पति के सुपुर्द किया

Ads

मेरठ में आर्थिक मदद मांग रही सीरियाई महिला से पूछताछ, दस्तावेज सत्यापन के बाद पति के सुपुर्द किया

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 11:44 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 11:44 PM IST

मेरठ (उप्र), 13 जून (भाषा) मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में लोगों से आर्थिक सहायता मांग रही एक सीरियाई महिला से पुलिस ने पूछताछ की और उसके दस्तावेजों व वीजा का सत्यापन करने के बाद उसे उसके पति के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला नौचंदी क्षेत्र में लोगों से आर्थिक मदद मांग रही है। सूचना के आधार पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महिला की पहचान 33 वर्षीय हनादी के रूप में हुई है, जो सीरिया की नागरिक है। उन्होंने बताया कि महिला अपने बच्चों के साथ थी और उसके सभी दस्तावेजों तथा वीजा की जांच की गई।

भोसले ने कहा, ‘‘महिला का मेडिकल वीजा एक जुलाई तक वैध है। उसके पति फैजल के इलाज से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई तथा आव्रजन अधिकारियों से भी सत्यापन कराया गया। सभी तथ्य सही पाए जाने के बाद महिला को उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।’’

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि वह अपने पति के इलाज के सिलसिले में भारत आई है।

नगर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, महिला ने बताया कि दिल्ली में किसी व्यक्ति ने उसे सलाह दी थी कि मेरठ में मुस्लिम आबादी अधिक होने के कारण उसे यहां आर्थिक सहायता मिल सकती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला हाथ में अंग्रेजी में लिखा एक बोर्ड लेकर घूम रही थी, जिसमें उसने अपने पति के इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की थी। लोगों की सूचना पर पुलिस उसे थाने ले गई थी।

पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम हनादी बताया और कहा कि उसका पति दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है तथा उसके उपचार के लिए धन की आवश्यकता है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी