उत्तर प्रदेश में तापमान में फिर से वृद्धि होने का अनुमान

Ads

उत्तर प्रदेश में तापमान में फिर से वृद्धि होने का अनुमान

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 10:04 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 10:04 PM IST

लखनऊ, छह मई (भाषा) मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होने के कारण अगले सप्ताह पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, राज्य में वर्षा की गतिविधि धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है, केवल तराई क्षेत्र और आसपास के पूर्वी जिलों में गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

जैसे-जैसे अधिकांश हिस्सों में मौसम की स्थिति साफ हो रही है, अधिकतम तापमान में पहले से ही वृद्धि देखी जा रही है और अगले सात दिनों में 5-7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है।

विभाग ने कहा कि बढ़ते तापमान के बावजूद, इस अवधि के दौरान राज्य में लू की स्थिति का अनुमान नहीं है। आठ मई के बाद शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।

हालांकि, मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य की राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम था। अधिकतम और न्यूनतम सापेक्ष आर्द्रता क्रमशः 91 प्रतिशत और 39 प्रतिशत रही।

राज्य भर में, अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। कानपुर शहर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। वाराणसी में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में 36.9 डिग्री सेल्सियस और उरई में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है।

भाषा चंदन जफर आशीष

आशीष