बंद मकान में मिला एक व्यक्ति का शव

Ads

बंद मकान में मिला एक व्यक्ति का शव

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 01:51 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 01:51 PM IST

बलिया (उप्र), नौ मार्च (भाषा) बलिया जिले के सहतवार कस्बे में तीन दिन से बंद एक मकान में एक व्यक्ति मृत और उसके पिता अचेत अवस्था में पाये गये। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार सहतवार कस्बे के वार्ड नंबर आठ में एक मकान से पिछले तीन दिन से कोई आहट नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने बलिया में रह रहे उस मकान के मालिक के परिजन को इसकी जानकारी दी थी।

सूत्रों ने बताया कि परिजन मौके पर पहुंचे तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद पाया।

उन्होंने बताया कि परिजन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर मकान में प्रवेश किया तो छत पर सोनू (35) एवं उसके पिता अशोक (61) अचेत अवस्था में मिले।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दोनों को फौरन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया और अशोक को गंभीर हालत के मद्देनजर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी और मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि परिजन का कहना है कि सोनू और उसके पिता बहुत ज्यादा शराब पीते थे।

भाषा सं सलीम

राजकुमार

राजकुमार