मेरठ (उप्र), 13 अप्रैल (भाषा) मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद, गोकशी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार, एक गाय और करीब एक क्विंटल गोमांस बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सरधना क्षेत्र में पुलिस रविवार और सोमवार की दरमियानी रात गश्त और जांच अभियान चला रही थी तथा इसी दौरान उसे गंगनहर के पास नगला ऑर्डर गांव के जंगल में कुछ लोगों द्वारा गोकशी किए जाने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलियां चला दीं जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान मोनिस के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से मोनिस के साथियों दिलशाद और सरताज को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो-तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण, एक जीवित गाय, करीब एक क्विंटल गोमांस तथा एक कार बरामद है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं सलीम वैभव सिम्मी
सिम्मी