उत्तर प्रदेश के कतर्नियाघाट में बाघ ने तेंदुए को मारा
उत्तर प्रदेश के कतर्नियाघाट में बाघ ने तेंदुए को मारा
बहराइच (उप्र) 27 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य में सोमवार को बाघ एवं तेंदुए के बीच हुए संघर्ष में बाघ ने नर तेंदुए को मार डाला।
अभ्यारण के प्रभागीय वन अधिकारी आकाशदीप बधावन ने बताया कि कतर्नियाघाट जंगल के मोतीपुर रेंज अंतर्गत झाला गांव स्थित गन्ने के एक खेत में सोमवार को तेंदुए का क्षत विक्षत शव ग्रामीणों को दिखलाई पड़ा था।
सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
उन्होंने बताया कि तीन पशु चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया है।
उन्होंने बताया कि मौके के हालात, घटनास्थल पर मौजूद पदचिन्हों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह पुष्टि हुई है कि क्षेत्राधिकार को लेकर हुए संघर्ष में बाघ ने तेंदुए को मारा है।
उन्होंने बताया कि मृत तेंदुआ करीब चार वर्ष का है और नर है जिसका वजन करीब 35 किलोग्राम है।
भाषा सं जफर
रंजन
रंजन

Facebook


