लखनऊ में प्रॉपर्टी एजेंट की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

लखनऊ में प्रॉपर्टी एजेंट की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 10, 2025 / 10:28 PM IST,
    Updated On - September 10, 2025 / 10:28 PM IST

लखनऊ, 10 सितंबर (भाषा) राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक प्रॉपर्टी एजेंट की हत्या के मामले में उसके दो सहकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को कहा कि यह हत्या कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद को लेकर की गयी थी। मामले के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण क्षेत्र) निपुण अग्रवाल ने बताया कि कुणाल गुप्ता (26) का शव मंगलवार रात बंथरा इलाके के बाबूपुर गांव में पाया गया था। इस मामले में वसीम अली खान और विवेक सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों गुप्ता के साथ प्रॉपर्टी संबंधी काम करते थे।

उन्होंने बताया कि खान अपनी पत्नी के साथ गुप्ता की बढ़ती नजदीकियों से परेशान था। इसी वजह से उसने उसकी हत्या की साजिश रची थी।

अग्रवाल ने बताया कि सोमवार की रात खान ने गुप्ता को विवेक सिंह के कार्यालय में बुलाया और वहां रखी लोहे की छड़ से उसके सिर पर हमला किया और शव को कमरे के अंदर छोड़ दिया।

अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि सिंह ने बाद में सुबूत मिटाने के लिए खान को गुप्ता का मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े और अन्य सामान हटाने में मदद की।

उन्होंने बताया कि बंथरा थाने और निगरानी प्रकोष्ठ की पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके बाबूपुर से आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, कपड़े और अन्य सुबूत बरामद कर लिए गए हैं।

अग्रवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कुबूल कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि