सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से दो की मौत, कई घायल

Ads

सीतापुर में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से दो की मौत, कई घायल

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 03:08 PM IST

सीतापुर (उप्र), 22 मई (भाषा) सीतापुर जिले में आंध्र प्रदेश से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही एक निजी बस एक मोटरसाइकिल से टकराकर खाई में पलट गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना संदना इलाके में मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर बृहस्पतिवार को उस समय हुई जब लगभग 40 श्रद्धालुओं को लेकर बस नैमिषारण्य और मिश्रिख से लखनऊ लौट रही थी।

पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक उसपर से नियंत्रण खो बैठा और वह (बस) सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गयी।

पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस का कहना है कि इस हादसे में बस में सवार एक यात्री की भी मौत हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की पहचान प्रकाश कुमार (50) और टूर आयोजक शिव कुमार (40) के रूप में हुई है।

जिला मजिस्ट्रेट डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि सभी घायल यात्रियों को एम्बुलेंस से मछरेहटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया तथा तीन लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें सीतापुर के जिला अस्पताल रेफर किया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ एक यात्री की स्थिति नाजुक है तथा उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।’’

दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद, जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (मछरेहटा) और जिला अस्पताल का भी दौरा किया तथा घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली । उन्होंने अस्पताल अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भाषा सं जफर मनीषा राजकुमार

राजकुमार