भीषण गर्मी में भी उत्तर प्रदेश में बिजली की निर्बाध आपूर्ति: यूपीपीसीएल

भीषण गर्मी में भी उत्तर प्रदेश में बिजली की निर्बाध आपूर्ति: यूपीपीसीएल

भीषण गर्मी में भी उत्तर प्रदेश में बिजली की निर्बाध आपूर्ति: यूपीपीसीएल
Modified Date: June 17, 2026 / 09:49 pm IST
Published Date: June 17, 2026 9:49 pm IST

लखनऊ, 17 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में भीषण गर्मी के अपने चरम पर रहने और तापमान के लगातार नए रिकॉर्ड बनाने के बावजूद जनता को बिजली की निर्बाध आपूर्ति जारी है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, 14 और 15 जून को बिजली की मांग के लिहाज से उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति करने के मामले में देश में पहले स्थान पर रहा। 16 जून को प्रदेश में 30,760 मेगावाट की रिकॉर्ड मांग पूरी की गई है।

बयान में कहा गया कि यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इतनी अधिक मांग के बावजूद कहीं भी व्यापक स्तर पर बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। बिजली की मांग और आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु, पंजाब, कर्नाटक समेत कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।

बयान में कहा गया कि 15 जून को प्रदेश में 29,579 मेगावाट और 14 जून को 29,571 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई। लगातार रिकॉर्ड स्तर की बिजली आपूर्ति यह दर्शाती है कि प्रदेश सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए हैं, उनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने अधिकारियों को प्रदेशवासियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली उपलब्ध कराए जाने के आवश्यक निर्देश दिए हैं।

बयान के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त समय तक बिजली मिल रही है, जिससे घरेलू, व्यावसायिक और कृषि गतिविधियों को भी गति मिली है। बिजली कर्मचारी भीषण गर्मी, तेज आंधी और बारिश जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के बीच दिन-रात कार्य कर रहे हैं। कहीं लाइन में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत की जा रही है तो कहीं ट्रांसफार्मरों और विद्युत उपकरणों की निगरानी की जा रही है।

भाषा राजेंद्र सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में