बिजनौर, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार सुबह तेंदुए के हमले में 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची, मां और अपने भाई के साथ खेत से लौट रही थी कि तभी तेंदुए ने हमला कर दिया।
धामपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभय कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न लगभग दस बजे नहटौर थानाक्षेत्र के गांव मुकर्रम पुर में अतुल कुमार का परिवार खेत में गन्ना रोपकर लौट रहा था।
उन्होंने बताया कि अतुल कुमार की पत्नी पिंकी, बेटा आदित्य और बेटी अदिति (10) घर के रास्ते में थे कि तभी अचानक झाड़ी से निकला तेंदुआ अदिति की गर्दन दबोच कर जंगल में ले गया।
अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ अदिति को छोड़कर जंगल में भाग गया, जिसके बाद उसे गंभीर घायल हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और वन विभाग व राजस्व विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र