संभल, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पीएम श्री विद्यालय जालब सराय में धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद और सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज सहित तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया। रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में बताया गया कि अहमद और एजाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक वालेश कुमार को भी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा बयान के अनुसार, वायरल वीडियो और फोटो के आधार पर संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया तथा बच्चों से बातचीत में पता चला कि विद्यालय परिसर में मजहबी क्रियाकलापों को बढ़ावा दिया जा रहा था।
आरोप है कि शिक्षकों ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां कीं, हिजाब-टोपी पहनने और आयतें पढ़ने जैसी गतिविधियां कराईं।
प्रशासन ने इसे निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 17, संविधान के अनुच्छेद 28 और उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 का उल्लंघन माना।
खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर मोहम्मद अंजार अहमद और मोहम्मद गुल एजाज के खिलाफ नखासा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित कर विस्तृत जांच के आदेश दिए।
उन्होंने बताया कि मामले में संलिप्तता पाने जाने पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र