मुख्यमंत्री योगी ने दिया निजी विश्वविद्यालयों को उत्तर प्रदेश में निवेश का निमंत्रण

Ads

मुख्यमंत्री योगी ने दिया निजी विश्वविद्यालयों को उत्तर प्रदेश में निवेश का निमंत्रण

  •  
  • Publish Date - July 19, 2023 / 11:29 PM IST,
    Updated On - July 19, 2023 / 11:29 PM IST

लखनऊ, 19 जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थान समूहों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए निमंत्रण देते हुए बुधवार को कहा कि शिक्षा में किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता।

मुख्यमंत्री ने दक्षिण भारत और मध्य भारत के प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के कुलाधिपतियों, कुलपतियों, प्रतिकुलपतियों, निदेशकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों व अन्य प्रतिनिधियों से बातचीत में उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश का निमंत्रण दिया।

उन्होंने कहा, ‘शिक्षा में किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता। यह देश और समाज का भविष्य संवारने का माध्यम है। उत्तर प्रदेश जैसी युवा आबादी वाले राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अनंत संभावनाएं हैं। निजी क्षेत्र को इसका लाभ उठाना चाहिए। असेवित जिलों में विश्वविद्यालयों की स्थापना करने वाले संस्थानों को सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।’

आदित्यनाथ ने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा संस्कृति और सभ्यता के प्राचीन नगर रहे हैं। हालांकि बीते कुछ दशकों में शिक्षा के प्रति विमुखता का भाव देखा गया। मगर अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक भाव पैदा हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सफल प्रयासों के बावजूद अब भी बहुत से जिले ऐसे हैं, जहां कोई विश्वविद्यालय नहीं हैं। स्थानीय युवाओं की आकांक्षा को देखते हुए राज्य सरकार ने निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई नीति लागू की है। इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं।

भाषा सलीम धीरज

धीरज