कौशांबी (उप्र), 19 फरवरी (भाषा) कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाने में तैनात एक सिपाही को अवैध वसूली और तस्करी में संलिप्तता के आरोपों में निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जिले के संदीपन घाट थाने में तैनात सिपाही आशीष कुशवाहा पर थाना स्तर पर अपराधियों को संरक्षण देने, गोपनीय सूचनाएं लीक करने, अवैध वसूली और तस्करी में संलिप्तता के आरोप लगे थे।
उन्होंने बताया कि कुशवाहा पर लगे आरोपों की जांच चायल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह को सौंपी गई थी जिन्होंने बुधवार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।
कुमार ने बताया कि सिपाही आशीष कुशवाहा पूर्व में कोखराज थाने में तैनात था और उसके अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों से संबंध होने की जानकारी मिली है।
उन्होंने बताया कि जांच में अवैध वसूली तथा तस्करी से जुड़े मामलों में सिपाही की संलिप्तता भी उजागर हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे कृत्य गंभीर अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचार को दर्शाते हैं लिहाजा सिपाही आशीष कुशवाहा को बुधवार देर रात निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा