उप्र: जमीन विवाद से परेशान दंपति ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने रोका
उप्र: जमीन विवाद से परेशान दंपति ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने रोका
बरेली, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली में जमीन विवाद से परेशान पति-पत्नी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते दोनों को रोक लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बिचपुरी गांव निवासी नरेश पाल सिंह अपनी पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों के सामने जमीन विवाद से जुड़ी समस्या रखी और कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल अपने ऊपर डालकर आत्मदाह की कोशिश की हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को रोक लिया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट में दंपति को आत्मदाह से रोकने वाले आठ पुलिसकर्मियों को 2,500 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नरेश पाल ने बताया कि वह जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से परेशान है और कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद सुनवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी से पूछताछ की जा रही है और जमीन विवाद से संबंधित दस्तावेजों तथा पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


