मैनपुरी, 24 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में मधुमक्खियों के हमले में एक किसान की मौत हो गई और कई अन्य ग्रामीण घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एलाऊ थाना क्षेत्र के नगला सोती गांव के निवासी किसान साहब सिंह (60) और कुछ अन्य ग्रामीण सोमवार शाम अपने खेत में काम कर रहे थे कि तभी मधुमक्खियों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि सिंह और अन्य लोगों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने उनके पूरे शरीर पर डंक मार दिये।
सिंह ने बताया कि किसान को गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस की एक टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंह ने बताया कि मधुमक्खियों के काटने से कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अलग-अलग निजी अस्पतालों में जारी है।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र