उप्र: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े व्यक्ति की कानून की डिग्री रद्द की गई
उप्र: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े व्यक्ति की कानून की डिग्री रद्द की गई
अमरोहा (उप्र), एक अक्टूबर (भाषा) वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कथित तौर पर जुड़े एक वकील की बीए-एलएलबी की डिग्री रद्द कर दी है, क्योंकि पुलिस की जांच में 12वीं कक्षा का उसका प्रमाणपत्र नकली पाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
राजाबपुर थाना प्रभारी तेजपाल सिंह ने बताया कि फर्जी दस्तावेज जमा करने और धोखाधड़ी के आरोप में वकील के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, जबकि उसका पंजीकरण रद्द कराने के लिए विधिज्ञ परिषद को पत्र भेजा गया है।
वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अरुण कुमार द्वारा 28 सितंबर को दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी दीपक नंदा ने 2019 में विश्वविद्यालय के बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया था। दाखिले के समय उसने जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा कथित रूप से जारी कक्षा 12 की अंकतालिका और प्रमाणपत्र जमा किया था।
प्राथमिकी में कहा गया है कि उसने 2024 में पाठ्यक्रम पूरा किया और उसके बाद वकील के तौर पर प्रैक्टिस करने के लिए विधिज्ञ परिषद में पंजीकरण कराया।
पुलिस ने बताया कि यह मामला दीपक खत्री उर्फ दीपक नंदा से जुड़े हथियार तस्करी मामले की दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा जांच किए जाने के दौरान सामने आया।
अपराध शाखा ने नौ सितंबर को विश्वविद्यालय से नंदा के प्रवेश और शैक्षिक रिकॉर्ड मांगे थे। इसके बाद दस्तावेजों को सत्यापन के लिए जांच एजेंसी को भेजा गया।
प्राथमिकी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड ने 19 सितंबर को अपने जवाब में अपराध शाखा को बताया कि संबंधित प्रमाणपत्र उसके रिकॉर्ड में नहीं मिला और इसे नकली घोषित कर दिया, जिसके बाद 23 सितंबर को विश्वविद्यालय को इसकी जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद विश्वविद्यालय ने नंदा की बीए-एलएलबी की डिग्री रद्द कर दी और भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) से उसका पंजीकरण रद्द करने का अनुरोध किया।
पुलिस के अनुसार, ऐसे आरोप हैं कि नंदा ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का पक्ष रखा था और अलग-अलग जिलों में उसके गिरोह के सदस्यों को कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराई थीं। ये आरोप जारी जांच का हिस्सा हैं।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
भाषा सं जफर मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल
लेखक के बारे में
Web Title: उप्र: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े व्यक्ति की कानून की डिग्री रद्द की गई
AMROHA
और भी पढ़ें ›
Om Prakash Rajbhar News: ‘अखिलेश खुद नहीं गए तो डिंपल या धर्मेंद्र को भेज देते’, इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर राजभर का तीखा हमला
01 Oct 2026 | 5:19 pmराहुल गांधी मानहानि मामले में सुनवाई फिर टली
01 Oct 2026 | 4:30 pmउप्र : भदोही में गर्भवती महिला को भर्ती न करने के मामले में चार चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स दोषी
01 Oct 2026 | 4:15 pm
Bhadohi Dowry Case: दहेज के लिए ऐसी सजा! 50 हजार रुपये नहीं लाए तो ससुराल वालों ने किया कांड, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
01 Oct 2026 | 3:49 pmवर्ष 2017 से पहले उप्र में कुख्यात माफिया का दबदबा था, समानांतर सरकार चलाते थे: आदित्यनाथ
01 Oct 2026 | 3:44 pmदेश एवं प्रदेश में सामाजिक न्याय, ‘भाजपाई आपातकाल’ से गुजर रहा है: अखिलेश
01 Oct 2026 | 3:28 pmठगी के आरोप में दंपति गिरफ्तार
01 Oct 2026 | 3:19 pmहमीरपुर के स्कूली बच्चों ने जिलाधिकारी का वाहन रोका, खराब मध्याह्न भोजन की शिकायत की
01 Oct 2026 | 3:01 pm