उप्र : चंदौली में चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, शव पटरी पर फेंका

Ads

उप्र : चंदौली में चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या, शव पटरी पर फेंका

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 06:01 PM IST

चंदौली, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में रविवार सुबह चलती ट्रेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और आरोपी शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सकलडीहा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर स्टेशन से सुबह 6:30 बजे ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी।

युवक भी पीडीडीयू नगर से इसी ट्रेन में चढ़ा था और बोगी के दरवाजे पर बैठा था। डिब्बे में करीब 15-16 यात्री सवार थे। सीओ के अनुसार, ट्रेन जब सुबह 7:30 बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के कचुमन रेलवे स्टेशन पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति डिब्बे में सवार हुआ। ट्रेन चलने पर उसने युवक के सिर में गोली मार दी। आगे क्रॉसिंग पर ट्रेन रुकते ही आरोपी शव को पटरी पर फेंक कर भाग निकला।

इस घटना की सूचना डिब्बे में सवार एक यात्री ने डायल-112 और रेलवे को दी। सूचना पर सीओ, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सीओ और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है और वह टीशर्ट और जींस पहने हुए था। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि मृतक की बोगी से एक प्लास्टिक का झोला मिला है, जिसमें आधार कार्ड मिला है।

उन्‍होंने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत