आर्लिंगटन, 14 जुलाई (एपी) स्पेन ने फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में मंगलवार को यहां पहले हाफ की समाप्ति तक फ्रांस पर 1-0 की बढ़त बना ली।
मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागकर स्पेन को बढ़त दिलाई। यह पेनल्टी स्पेन के युवा खिलाड़ी लामिन यामाल की शानदार पहल के बाद मिली, जिन्हें फ्रांस के डिफेंडर ने पेनल्टी क्षेत्र में फाउल कर दिया।
फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये गेंद को अनियंत्रित उछाल के बाद अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रहे थे। एक दिन पहले अपना 19वां जन्मदिन मनाने वाले किशोर खिलाड़ी यामाल तेजी से पीछे से पहुंचे और गेंद के लिए चुनौती पेश की। गेंद को दूर हटाने के प्रयास में डिन्ये की किक यामाल को लग गई, जिसके बाद रेफरी ने स्पेन को पेनल्टी दे दी।
ओयारजाबाल का यह मौजूदा विश्व कप का पांचवां गोल रहा। इसी के साथ टूर्नामेंट में पहली बार ऐसा हुआ कि सात मैचों के बाद दोनों टीमों में से कोई एक पिछड़ रही हो।
फीफा रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज फ्रांस ने इस टूर्नामेंट में अब तक केवल तीन गोल खाए हैं, जबकि स्पेन के खिलाफ इस विश्व कप में सिर्फ एक गोल हुआ है।
इस मुकाबले की विजेता टीम रविवार को होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेगी।
एपी
आनन्द
आनन्द