बांदा (उप्र), 24 फरवरी (भाषा) चित्रकूट जिले के रैपुरा क्षेत्र में बरेठी गांव के मोड़ के नजदीक मंगलवार को एक ट्रक की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
राजापुर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक राजकमल ने बताया कि मृतकों की पहचान महोबा जिले की रानी प्रजापति (45) और उनकी रिश्तेदार शिवकुमारी (46) के रूप में हुई है।
राजकमल ने बताया कि महोबा जिले के बंधान बाढ़ गांव के रहने वाले त्रिभुवन प्रजापति अपनी पत्नी रानी, रिश्तेदार शिवकुमारी और अन्य परिजनों के साथ अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने कार से प्रयागराज जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि बरेठी गांव के मोड़ के नजदीक उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया और टायर बदलते समय दोनों महिलाएं सड़क के किनारे गई थीं तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है और महिलाओं के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक