उप्र : इटावा में परीक्षण के दौरान यूएवी दुर्घटनाग्रस्त, कोई जनहानि नहीं
उप्र : इटावा में परीक्षण के दौरान यूएवी दुर्घटनाग्रस्त, कोई जनहानि नहीं
इटावा, चार अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई हवाई पट्टी से परीक्षण उड़ान के दौरान एक मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) का प्रोटोटाइप नियंत्रण खोने के बाद पास के खेत में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम उस समय हुई, जब एलएटी एयरोस्पेस कंपनी नागरिक उड्डयन विभाग की अनुमति से सैफई हवाई पट्टी पर अपने यूएवी प्रोटोटाइप का परीक्षण कर रही थी। परीक्षण के दौरान तकनीकी खराबी आने से यह नियंत्रण से बाहर हो गया और नंदपुर गांव के पास एक खेत में जा गिरा।
हादसे के बाद खेत में गिरे विमान को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन दल की मदद से मलबे को सुरक्षित किया।
अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कंपनी को परीक्षण के लिए पूर्व अनुमति दी गई थी और तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या खड़ी फसल को नुकसान नहीं हुआ है और न ही इससे कानून-व्यवस्था पर कोई खतरा है।
कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि हादसा ग्राउंड रोल परीक्षण के दौरान तेज हवा के कारण नियंत्रण खोने से हुआ। कंपनी ने प्रभावित किसान से संपर्क कर उसे पूरा मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया है।
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि युद्ध के वातावरण में अचानक एक बड़े ड्रोन का गेहूं के खेत में गिरने से इटावा जिले के सैफई इलाके के नंदपुर गांव में दहशत और अफरातफरी मच गई।
उन्होंने कहा, “अगर ये किसी सरकारी परीक्षण अथवा प्रयोग का हिस्सा है तो प्रदेश के नागरिकों को पहले से सूचना देकर आगाह करना चाहिए था।”
सपा प्रमुख ने मांग की है कि सरकार इस मामले में जांच करे और किसान के खेत में हुई आर्थिक हानि और मानसिक आघात का आंकलन-मूल्यांकन करके उसे यथोचित मुआवजा दे।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


