बहराइच (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) बहराइच में पुतला दहन के दौरान घायल हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अनुपमा जायसवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में बाराबंकी के 32 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार 26 अप्रैल को थाना कोतवाली नगर में एक स्थानीय निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि फेसबुक पर विधायक को निशाना बनाकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि विधायक जायसवाल 25 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन अभियान के समर्थन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घायल हो गई थीं।
इस घटना के बाद अभिषेक वर्मा ने फेसबुक पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली, जिस पर ‘‘बाराबंकी बाबा’’ नामक फेसबुक उपयोगकर्ता ने अत्यंत अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभिषेक वर्मा और ‘‘बाराबंकी बाबा’’ फेसबुक खाते के उपयोगकर्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘साइबर सर्विलांस सेल’ की मदद से ‘‘बाराबंकी बाबा’’ खाते के उपयोगकर्ता की पहचान बाराबंकी के अकबरपुर मोहल्ला निवासी अनुज कुमार वर्मा के रूप में हुई जिसे सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसमें कहा गया कि अदालत से उसे न्यायिक अभिरक्षा में बहराइच जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है और दूसरे आरोपी अभिषेक वर्मा की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इधर, विधायक के पति अशोक जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि अनुपमा जायसवाल लखनऊ के एक निजी अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं और विशेषज्ञ की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान चुके हैं।
महिला आरक्षण संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के समर्थन में 25 अप्रैल को भाजपा के ‘महिला जनाक्रोश मार्च’ के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंके जा रहे थे तभी विधायक अनुपमा जायसवाल पुतले में आग लगाते समय झुलस गई थीं।
भाषा सं जफर मनीषा खारी
खारी