उप्र: नमो घाट पर पर्यटकों और निजी गार्डों के बीच मारपीट में एक नाबालिग की मौत, चार लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र: नमो घाट पर पर्यटकों और निजी गार्डों के बीच मारपीट में एक नाबालिग की मौत, चार लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 02:15 PM IST

वाराणसी, 24 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नमो घाट पर रविवार तड़के पर्यटकों और निजी सुरक्षा गार्डों के बीच हुई मारपीट में सोनभद्र निवासी एक नाबालिग की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कोतवाली क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोनभद्र से घूमने आए कुछ पर्यटक रविवार तड़के आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पहुंचे थे और इस दौरान रैंप के गेट पर तैनात निजी सुरक्षा गार्डों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई, जो मारपीट मे तब्दील हो गई।

उन्होंने बताया कि मारपीट में सोनभद्र निवासी राजेश उर्फ चिंटू (17) गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिंह ने बताया कि सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द अमित जितेंद्र

जितेंद्र