उत्तर प्रदेश विधानसभा ने प्रधानमंत्री की अपील के मद्देनजर सभी पूर्व निर्धारित अध्ययन यात्राएं रद्द कीं

Ads

उत्तर प्रदेश विधानसभा ने प्रधानमंत्री की अपील के मद्देनजर सभी पूर्व निर्धारित अध्ययन यात्राएं रद्द कीं

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 05:42 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 05:42 PM IST

लखनऊ, 13 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच लोगों से खर्चों में कटौती की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के मद्देनजर उत्तर प्रदेश विधानसभा ने बुधवार को अपनी विभिन्न संसदीय समितियों की सभी पूर्व-निर्धारित अध्ययन यात्राएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय हित और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी अध्ययन यात्रा कार्यक्रमों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया।

सतीश महाना ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का सम्मान करते हुए, विधानसभा ने संसदीय समितियों की अध्ययन यात्राएं स्थगित करने का निर्णय लिया है ताकि सभी संसाधनों और व्यवस्थाओं का उपयोग राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुसार उचित रूप से किया जा सके।”

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं की यह जिम्मेदारी है कि वे राष्ट्रीय हित में किए गए हर आह्वान में भाग लें और परिस्थितियों के अनुसार संवेदनशीलता व जिम्मेदारी दिखाएं।

अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा सचिवालय के प्रधान सचिव प्रदीप कुमार दुबे की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 10 मई को राष्ट्रीय स्तर पर खर्चों में कटौती की अपील की थी। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न आर्थिक दबाव के कारण लोगों से ईंधन की खपत कम करने, सोने की खरीद और विदेश यात्राएं टालने और घर से काम करने की व्यवस्था फिर से अपनाने का आग्रह किया था।

भाषा जफर पवनेश जोहेब

जोहेब