जुबिलेंट फूडवर्क्स को जीएसटी विभाग से मिला 46.9 करोड़ रुपये का मांग नोटिस

Ads

जुबिलेंट फूडवर्क्स को जीएसटी विभाग से मिला 46.9 करोड़ रुपये का मांग नोटिस

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 10:09 PM IST

(अर्थ 22 में सुधार के साथ रिपीट)

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) देश में त्वरित सेवा रेस्तरां शृंखला डोमिनोज का संचालन करने वाली कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) को जीएसटी विभाग से 46.9 करोड़ रुपये की मांग का नोटिस मिला है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में यह जानकारी दी। इसके साथ ही कंपनी ने स्पष्ट किया कि वह इस नोटिस को चुनौती देगी।

जुबिलेंट भरतिया समूह की प्रमुख कंपनी जेएफएल के मुताबिक, जीएसटी विभाग के नोटिस में आरोप लगाया गया है कि जीएसटी रिटर्न दाखिल करते समय इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को ‘गलत तालिका’ में समायोजित किया गया है।

कंपनी ने कहा, “हमें जीएसटी विभाग से 46,90,96,051 रुपये की कर मांग का नोटिस प्राप्त हुआ है।”

डोमिनोज एवं पॉपीज जैसे वैश्विक ब्रांड का फ्रेंचाइजी अधिकार रखने वाली कंपनी ने संभावना जताई कि नोटिस जारी करते समय उसकी ओर से दी गई दलीलों के गुण-दोष पर विचार नहीं किया गया।

जेएफएल ने कहा कि वह निर्धारित समयसीमा के भीतर विस्तृत आपत्तियां दाखिल कर रही है और इसके बाद नोटिस एवं प्रस्तावित कर मांग वापस ले लिए जाने की उम्मीद है।

कंपनी ने यह भी कहा कि आईटीसी के कथित गलत वर्गीकरण या प्रस्तुति का उस पर कोई वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा। कंपनी को यह नोटिस 13 जुलाई को मिला।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय