बहराइच, 24 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बहराइच में भरथापुर गांव से विस्थापित किए जा रहे 136 परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ आवास एवं शौचालय के लिए भूमि के पट्टे वितरित करेंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के कोर क्षेत्र के निचले हिस्से में बसे भरथापुर गांव के इन परिवारों को मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित सुरक्षित सेमरहना गांव में बसाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में भूमिपूजन के साथ मुख्यमंत्री सभी परिवारों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक और आवास व शौचालय निर्माण के लिए भूमि के पट्टे प्रदान करेंगे।
सरकार की आवास योजना के तहत प्रत्येक परिवार को स्थायी आवास के लिए जमीन और निर्माण के लिए धन भी दिया जा रहा है।
त्रिपाठी ने बताया कि नई कॉलोनी में जल निकासी, पक्की सड़कें, हरित क्षेत्र, एलईडी स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा साथ ही, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाएं भी निकट ही सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद विस्थापन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
नेपाल सीमा से सटे मिहींपुरवा तहसील में स्थित भरथापुर गांव तीन ओर नदियों और एक ओर जंगल से घिरा अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है।
सड़क संपर्क के अभाव में ग्रामीणों को नौकाओं और पगडंडियों पर निर्भर रहना पड़ता है जबकि नदियों में मगरमच्छ जैसे खतरनाक जीवों के कारण आवागमन जोखिमपूर्ण है।
पिछले वर्ष अक्टूबर में नौका पलटने की घटना में नौ लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र का दौरा कर विस्थापन के निर्देश दिए थे।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र