उप्र : कांग्रेस नेता अजय राय ने पार्षदों के बीच भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा

Ads

उप्र : कांग्रेस नेता अजय राय ने पार्षदों के बीच भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 02:57 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) शाहजहांपुर जिले में पार्षदों द्वारा कथित रूप से हाथ में जल लेकर भ्रष्टाचार की रकम आपस में बराबर बांटने का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मंत्री से लेकर ऊपर तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं तो पार्षदों का यह कहना कि ‘‘भाई हिस्सा बराबर का होना चाहिए’’ कहां गलता है।

राय ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘यहां (शाहजहांपुर) के मंत्री सुरेश खन्ना से लेकर ऊपर तक सब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पार्षदों में कमीशन कहीं ज्यादा कहीं कम बट रहा है। ऐसे में यहां के पार्षदों ने भी कहा कि बराबर हिस्सा लगना चाहिए। भाजपा सरकार में इस भ्रष्टाचार ने पूरे देश को बर्बाद कर दिया है।’’

उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व शाहजहांपुर नगर निगम के पार्षदों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें हाथ में जल लेकर कई पार्षद शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे थे जिसमें एक व्यक्ति बोल रहा था और बाकी पार्षद उसकी बात को बोलकर अनुसरण करते हुए शपथ ले रहे थे।

वायरल वीडियो में पार्षद कह रहे थे, ‘‘मैं शपथ लेकर कह रह रहा हूं कि जो नगर निगम की आमदनी होगी वह साठों (60 पार्षदों) में बराबर की हिस्सेदारी में बटेगी।’’

भाजपा की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने बताया कि उन्होंने वीडियो वायरल होने के बाद एक दर्जन पार्षदों को नोटिस जारी किए थे जिसमें पार्षदों ने अपना पक्ष रखा था जिसके बाद उनके जवाब को लगाकर रिपोर्ट भाजपा के प्रदेश कार्यालय को भेज दी गई थी।

शिल्पी ने कहा कि अब जो भी निर्णय होगा वह प्रदेश कार्यालय से ही होगा।

भाषा सं राजेंद्र मनीषा शफीक

शफीक